सदर एसडीएम ने क्षेत्राधिकारी सदर के साथ घुघुली नगर पंचायत के छठ घाटों का किया निरीक्षण, साफ सफाई और सुरक्षा पर जोर
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 07 Nov, 2024
- 215
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 7 नवम्बर : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत घुघुली क्षेत्र के विभिन्न घाटों और सरोवरों का निरीक्षण सदर एसडीएम रमेश कुमार ने क्षेत्राधिकारी सदर आभा सिंह के साथ किया। इस दौरान भिटौली और श्यामदेउरवा के थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे। सदर एसडीएम ने पूजा स्थलों पर सुरक्षा और सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नगर के मुख्य स्थलों में बैकुंठी घाट, घुघली बुजुर्ग, बारीगांव, अहिरौली, परसा खुर्द, पंचरुखिया, लक्ष्मीपुर देऊरवा, छातीराम, और बुध्दिरामपुर जैसे प्रमुख छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम रमेश कुमार व क्षेत्राधिकारी सदर आभा सिंह ने पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए संबंधित अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई और सुगम रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर बैरिकेडिंग, लाइटिंग और स्वच्छ पानी की व्यवस्था का भी जायजा लिया। अधिकारियों से कहा गया कि घाटों पर भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। घाटों की खूबसूरत सजावटों को देखकर सदर एसडीएम प्रसन्न नजर आये।
थानाध्यक्ष भिटौली और श्यामदेउरवा ने बताया कि घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सभी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही, पूजा स्थलों पर मेडिकल कैंप और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की जा रही है ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।
अधिकारियों ने पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय निवासियों से भी अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानियों का पालन किया जा रहा है।
निरीक्षण के बाद सदर एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूजा के दौरान घाटों पर सतर्कता बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

